Wednesday, June 16, 2010

तोल में पोल, बाट व माप में झमेला

संजय सोनगरा
जोधपुर। अगर आप परचून यानि किराणे की दुकान पर जा रहे हैं या फिर सब्जी खरीदने जा रहे हैं तो जरा सचेत रहें। हो सकता है विक्रेता आपको तोल में कम सामान पकड़ा दें। क्योंकि कई विक्रेता व व्यापारी ग्राहकों को कम सामान तोलने से बाज नहीं आ रहे हैं। ग्राहकों को बेवकूफ बनाकर तोल में कम सामान देने की पोलपट्टी पर, बाट एवं माप विभाग अंकुश लगा पाने में कामयाब नहीं हो पा रहा है। जागरूक पाठक की सूचना पर एक्सप्रेस टीम की ओर से की गई पड़ताल में सामने आया कि अभी भी कई विक्रेता बाट में झालमझोल कर उपभोक्ता को कम सामान दे रहे हैं।

बाट नहीं तो पत्थर ही सही
एक्सप्रेस टीम ने जब छानबीन शुरू की तो पता चला कि तोलने की इलेक्ट्रॉनिक मशीन के प्रचलन में भी कई सब्जी व फल विक्रेता बाट का प्रयोग नहीं कर बाट के वजन के बराबर पत्थर से काम चलाते देखे गए। जो सब्जी व फल विक्रेता तराजू का प्रयोग कर रहे हैं वे सभी तरह के वजन के बाट के साथ-साथ छोटे आकार के कम वजनदार पत्थर भी रखते हैं। जैसे ही कोई खरीदार सब्जी या फल खरीदने आता है, और वो आधा किलो हरी सब्जी तोलने के लिए कहता है तो विक्रेता पाव यानि २५० ग्राम वजन का बाट रखकर साथ में कम वजन का पत्थर रख कर तोल में कर देते हैं। इसी तरह कबाड़ का सामान लेने आने वाले लोग भी ताकड़ी का प्रयोग कर रहे हैं। पुराना सामान, रद्दी या फिर लोहे का कबाड़ लेते समय एक पलडेÞ में सामान रख देते हैं, दूसरे पलडेÞ में बाट के साथ पत्थर या फिर अन्य सामान रखकर तोल देते हैं जो कि नियमो के विरूद्ध है।

साल में एक बार लगती है सील
बाट एवं माप विभाग की ओर से हर विक्रेता, व्यापारी, दुकानदार या फिर पैट्रोल पंप संचालक को जो कांटे, तराजु का प्रयोग करते है, उन्हें साल में एक बार बाट का माप कराना जरूरी है। और उसका नवीकरण भी। नियम के तहत बाट का वजन कर उसमें हुए छेद में शीशा भरा जाता है, और उस पर विभाग की सील चस्पा की जाती है, जिस पर तीन चीजें बाट का वजन, माप का वर्ष और जिस इंस्पेक्टर ने निरीक्षण कर वजन मापा है, उसका कोड अंकित कर दिया जाता है। इसके बाद हर साल उस विक्रेता या फिर दुकानदार को बाट के माप का नवीकरण कराना पड़ता है। नियमों की पालना नहीं करने पर विभाग की ओर से विक्रेताओं व दुकानदारों को नोटिस भेजा जाता है, और फिर भी नहीं मानने पर उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही कर चालान किया जाता है।
------
सभी जगह निरीक्षण करते हैं, शिविर लगाते हैं। पारदर्शिता बरतकर बाट की जांच करते हैं, संदेह होने पर प्रयोगशाला में जांच की जाती है और वजन में कम पाए जाने पर संबंधित दुकानदार या विक्रेता का चालान किया जाता है।
-एस.आर. देवासी, प्रभारी निरीक्षक विधिक कार्यालय, बाट एवं माप जोधपुर

No comments:

Post a Comment